लखनऊ, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM YOGI ADITYANATH) के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश (UTTAR PRADESH) नारी सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में नया अध्याय लिख रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PM UJJWALA YOJNA) के तहत प्रदेश की 1.86 करोड़ महिलाओं को ₹1500 करोड़ की सब्सिडी प्रदान करने के साथ-साथ सरकार ने महिला सशक्तिकरण को एक मिशन के रूप में अपनाया है। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सम्मानित जीवन देना है।
कन्या सुमंगला योजना (Kanya Sumangala Yojna) के तहत अब तक 26.34 लाख बेटियों को आर्थिक सहायता दी गई है, जिससे बालिकाओं की शिक्षा और भविष्य को मजबूती मिली है। वहीं घरौनी योजना (Gharauni Yojna) के तहत 1.10 करोड़ महिलाओं को गृहस्वामित्व प्रमाणपत्र देकर उन्हें संपत्ति का अधिकार और आत्मसम्मान प्रदान किया गया है। आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में 10 लाख स्वयं सहायता समूह (SHG) गठित किए गए हैं, जिनसे 1 करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन कर रही हैं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से अब तक 4.67 लाख से अधिक बेटियों का विवाह संपन्न कराया गया है, जहां हर विवाह पर ₹1 लाख की सहायता दी गई। जल जीवन मिशन के तहत 2.41 करोड़ घरों में नल से जल उपलब्ध कराकर महिलाओं को राहत दी गई है। संपत्ति खरीद पर महिलाओं को 1% स्टाम्प शुल्क छूट और सरकारी सेवाओं में 20% आरक्षण से 1.75 लाख महिलाओं को रोजगार मिला है, जिनमें 44,177 महिलाएं पुलिस विभाग में शामिल हैं।
नारी सुरक्षा के मोर्चे पर उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी है। अपराधियों को सजा दिलाने में प्रदेश रिकॉर्ड कायम कर रहा है — कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज होने से लेकर सजा तक का समय सिर्फ 40 दिन रहा। निराश्रित महिलाओं को ₹1000 मासिक भत्ता देकर 36.75 लाख महिलाएं लाभान्वित हुई हैं, जबकि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से 2 लाख महिलाएं और बीसी सखी योजना से 39 हजार महिलाएं ग्रामीण वित्तीय व्यवस्था का हिस्सा बनी हैं।
लाभार्थी महिलाओं ने जताया आभार

निशुल्क गैस सिलेंडर पाने वाली महिलाओं ने लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया। लीलावती ने कहा, “दीपावली के अवसर पर यह अमूल्य उपहार है।” वहीं लखनऊ की निशा चौहान ने कहा, “पहले हम चूल्हे पर खाना बनाते थे, अब मुख्यमंत्री जी के इस उपहार से जीवन आसान हुआ है।” महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।




